अपराध

साल्हेवारा में बिना लाइसेंस के चल रही बर्फ फैक्ट्री में प्रशासन का छापा, 1 लाख का माल सीज

सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया. भीषण गर्मी के मद्देनजर कलेक्टर एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में बीते 27 मार्च को खाद्य विभाग की टीम ने वनांचल ग्राम साल्हेवारा स्थित नर्मदा आइस फैक्ट्री पर आकस्मिक दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री बिना किसी वैध खाद्य अनुज्ञप्ति (लाइसेंसिंग) के संचालित हो रही थी। परिसर में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों के बीच बिना बैच नंबर और एक्सपायरी डेट के 5000 पैकेट चोकोबार तथा भारी मात्रा में पैकेजिंग मटेरियल मिला जिसे तीन फ्रीजरों सहित सीज कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, मौके पर लगभग 3000 असुरक्षित ऑरेंज कैंडी को नष्ट कराया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये आंकी गई है। अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे ने बताया कि ‘राजश्री क्रीम मैजिक व्हाइट कस्टर्ड पाउडर’ का विधिक नमूना लिया गया है। मानकों को पूरा करने तक फैक्ट्री के निर्माण और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे व अन्य स्टाफ शामिल थे। विभाग ने चेतावनी दी है कि असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page