सामाजिक शैक्षणिक अधिकारों के समर्थन में होगा संयुक्त मोर्चा का प्रदर्शन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में सामाजिक और शैक्षणिक मुद्दों को लेकर सक्रिय संगठनों ने 17 मार्च को शहर में रैली और धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। एससी एसटी एवं ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधियों की बैठक में सर्वसम्मति से संयुक्त मोर्चा का गठन करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें शासन प्रशासन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने शिक्षा सामाजिक न्याय और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की। पदाधिकारियों ने कहा कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समाज में असंतोष व्याप्त है। ऐसे में अब शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में रहकर व्यापक जनभागीदारी के साथ आंदोलन किया जाएगा। मोर्चा ने युवाओं विद्यार्थियों और समाज के सभी वर्गों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

संयुक्त मोर्चा के अनुसार यूजीसी समर्थन सहित शिक्षा से जुड़ी अन्य मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी पहल नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करने की रणनीति बनाई गई है। आंदोलन का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं बल्कि संवाद के माध्यम से न्यायपूर्ण समाधान प्राप्त करना बताया गया है। निर्धारित मार्ग से निकलेगी रैली कार्यक्रम के तहत 17 मार्च मंगलवार को रावण भाठा इतवारी बाजार में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद रैली बक्सी मार्ग, गोलबाजार, राजीव चौक, नया बस स्टैंड चौक और अंबेडकर चौक से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचेगी। वहां प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगा। मोर्चा के पदाधिकारियों ने सभी वर्गों से अनुशासन और शांति बनाए रखते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Exit mobile version