सागौन कटाई गिरोह पर वन विभाग का शिकंजा, मुख्य आरोपी समेत कई आरोपी जेल भेजे गए

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ वनमंडल के छुईखदान वन परिक्षेत्र में सागौन सहित अन्य बहुमूल्य वृक्षों की अवैध कटाई के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। विभागीय जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुख्य आरोपी सहित कई लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। जानकारी अनुसार आरक्षित वन क्षेत्र गातापार पश्चिम के कक्ष क्रमांक-239 में बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई किए जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। जांच के दौरान खमहारडीह क्षेत्र में सुनियोजित तरीके से वन संपदा को नुकसान पहुंचाए जाने के प्रमाण मिले। मामले की पड़ताल में दौलत सिंह चंदेल की भूमिका प्रमुख रूप से सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया है इसके साथ ही कटाई कार्य में सहयोग करने वाले अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। वन अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान यह तथ्य भी उजागर हुआ कि पेड़ों की कटाई और उन्हें हटाने के लिए जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया गया था। कार्रवाई करते हुए विभाग ने संबंधित जेसीबी को जब्त कर लिया है तथा उसके राजसात की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 तथा शासकीय संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वनमंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन क्षेत्रों में अवैध कटाई लकड़ी तस्करी और अन्य वन अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से भी वन अपराधों की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने की अपील की है ताकि वन संपदा और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सके।

Exit mobile version