Advertisement
Uncategorized

प्रधान पाठक मनहरण लाल सिन्हा को ग्रामीणों ने दी भावभीनी विदाई

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्राम बढ़ईटोला की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में लंबे समय से सेवाएं दे रहे प्रधान पाठक मनहरण लाल सिन्हा को सेवानिवृत्ति पर ग्रामीणों, छात्रों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में विद्यालय प्रांगण गमकते वाद्ययंत्रों और फूलमालाओं से सराबोर रहा। श्री सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा जगत को दिए गए 43 वर्षों में से 13 वर्ष उन्होंने बढ़ईटोला विद्यालय में प्रधान पाठक के रूप में सेवाएं दी। बच्चों की प्रगति और अनुशासन को उन्होंने अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। ग्राम सरपंच योगेश कुमार वर्मा ने कहा कि सिन्हा जी ने गांव में शिक्षा का दीप जलाकर विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया वहीं समिति प्रबंधक पेखलाल वर्मा ने कहा कि उनके योगदान से बढ़ईटोला स्कूल ने पहचान बनाई और कई पीढ़ियों को संवारने का काम हुआ। शाला विकास समिति अध्यक्ष विश्राम वर्मा ने याद दिलाया कि शिक्षा के साथ-साथ संगीत और संस्कृति में भी उनका योगदान सराहनीय रहा। उनकी प्रेरणा से ग्राम बल्देवपुर में रामायण मंडली की स्थापना हुई जो आज पूरे प्रदेश में विख्यात है। समारोह में पंचगण, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों ने उन्हें फूलमालाओं व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। भावुक वातावरण में सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को और गहराई से उजागर किया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page