किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता, गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल किया
खैरागढ़। जिला भाजपा कार्यालय में शनिवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल ने प्रेसवार्ता लेकर कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र में राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की आदान सहायता दी जाएगी। इस बार सहायता राशि धान विक्रय की मात्रा के बजाय पंजीकृत रकबे के आधार पर निर्धारित की गई है। श्री बघेल ने बताया कि बैंक के कार्यक्षेत्र के चार जिलों में खरीफ 2026 के दौरान अब तक 2 लाख 72 हजार 846 किसानों को 1676.29 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया गया है वहीं 2026-27 में 3 लाख 84 हजार 777 किसानों से 2.08 करोड़ क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 358 समितियों के 382 उपार्जन केंद्रों में व्यवस्था की गई है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गन्ने का उपार्जन मूल्य 355 रुपए से बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है। शक्कर की रिकवरी के आधार पर कवर्धा, पंडरिया और बालोद के किसानों को इससे भी अधिक दर पर भुगतान किया जा रहा है। दलहन-तिलहन खरीदी की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 29 जिलों में 3.72 लाख क्विंटल से अधिक दलहन-तिलहन की खरीदी कर किसानों को 219.08 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया वहीं धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपए तथा अन्य अधिसूचित फसल लेने पर 10 हजार रुपए की आदान सहायता का प्रावधान है।श्री बघेल ने बताया कि खरीफ 2023 से 2025 तक कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35904.90 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष बिसेसर दास साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू, टीके चंदेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
