
बाजार अतरिया के शासकीय विद्यालय में समारोह संपन्न
लगातार हो रही शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। छात्राओं को विद्यालय तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने और बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाजार अतरिया में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा नौवीं की 88 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया है। मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए कहा कि शासन की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा विद्यालय तक पहुंच आसान होगी और वे नियमित रूप से पढ़ाई कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के विस्तार और विद्यार्थियों के हित में लगातार विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। प्रभारी प्राचार्य आर.के.वर्मा ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना केवल परिवहन का साधन नहीं बल्कि छात्राओं के आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति उनकी निरंतरता को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने नियमित रूप से विद्यालय आने तथा पूरी लगन से अध्ययन करने का आग्रह किया है। समारोह में भाजपा के मंडल प्रभारी विकेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष देवकुमार सेन, जिला पंचायत सदस्य जमुना नरेश कुर्रे, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष केशव चंदेल, हरप्रसाद वर्मा, आयास सिंह बोनी, प्रेमसागर गुप्ता, मुकेश वर्मा, लाला वर्मा, गिरधारी चंदेल, सरपंच बिमला वर्मा, जयप्रकाश साहू, ऋषि भाई, उमेश भाई, राकेश वर्मा, हर्षवर्धन, शिवांश बहादुर बाबा, प्रमोद भगत एवं उत्तम कुमार वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी प्राचार्य आर.के. वर्मा ने अतिथियों जनप्रतिनिधियों पालकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्य शिक्षक शिक्षिकाएं अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रही।