अपराध

दो ज्वेलरी दुकानों का ताला तोडक़र चोरी की घटना को दिया अंजाम

मामला ग्राम पंचायत बाजार अतरिया का

सत्यमेव न्यूज़/खैरागढ़. खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत बाजार अतरिया में संचालित दो ज्वेलरी की दुकानों का ताला तोडक़र अज्ञात आरोपियों के द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है. जानकारी अनुसार 3 व 4 फरवरी की मध्य रात्रि अज्ञात चोरो ने बाजार अतरिया के ताम्रकार ज्वेलर्स व रामकुमार सोनी की ज्वेलरी दुकान का ताला तोडक़र कीमती सामानों की चोरी कर ली है. हालांकि चोर के द्वारा क्या-क्या चोरी की गई है इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है लेकिन मामले की जानकारी होते ही एएसपी नेहा पांडेय सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों दुकानों की बारीकी से छानबीन की है. बताया जा रहा है कि किराया भंडार के मालिक ने दुकान को रात्रि में खुला देखकर दुकानदार को आवाज लगाई लेकिन जवाब नहीं मिलने पर दुकानदार के घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी जिसके बाद दुकानदार फौरन मौके पर पहुंचे. अज्ञात चोरों का पता लगाने पुलिस टीम के साथ डाग स्क्वॉड, सायबर व फोरेंसिक टीम भी पहुंची थी. चोर का पता लगाने पुलिस सीसीटीवी का फुटेज खंगालने में लगे हुये हैं. प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध आईपीसी की धारा 379, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page