सड़क सुरक्षा माह के समापन में कन्या शाला खैरागढ़ के प्राचार्य व व्यायाम शिक्षिका हुये सम्मानित

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पुलिस विभाग खैरागढ़ छुईखदान गंडई द्वारा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह स्व. राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव बाला जी राव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल, वनमंडल अधिकारी पंकज राजपूत तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने की। सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान जिले में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। विभाग द्वारा स्कूली बच्चों आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से हेलमेट रैली जनजागरूकता रैली तथा साप्ताहिक हाट बाजार मड़ई मेला चौक चौराहों पर पम्पलेट वितरण के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग नशे की हालत में वाहन न चलाने और वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत स्कूली विद्यार्थियों के बीच वाद विवाद, भाषण, रंगोली, ड्रॉइंग पेंटिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरागढ़ की छात्राओं ने सामूहिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर आकर्षण बढ़ाया। सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं वर्ष 2025-26 में अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले गुड सेमेस्टरियन सड़क सुरक्षा मितान सारथी चालक संघ तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला पुलिस विभाग ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी, स्काउट गाइड, शिक्षक, विद्यार्थी तथा मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version