संवेदना केंद्र में प्रथम पालक बैठक संपन्न, दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास पर हुई चर्चा

संवेदना केंद्र में प्रथम पालक बैठक संपन्न, दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास पर हुई चर्चा

खैरागढ़। श्री जी वेलफेयर एंड रिहैबिलिटेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘संवेदना शिक्षण प्रशिक्षण पुनर्वास केंद्र’ में शनिवार 19 सितंबर 2026 को विशेष बच्चों के अभिभावकों की प्रथम पालक बैठक आयोजित की गई। बैठक संस्था अध्यक्ष श्रीमती ज्योति पटेल की अध्यक्षता में राजपूत क्षत्रिय उपसमिति महाराणा प्रताप मंगल भवन परिसर में संपन्न हुई। बैठक में बच्चों की प्रथम माह की शैक्षणिक प्रगति, व्यक्तिगत शिक्षण योजना, खेल-खेल में सीखने की पद्धति तथा दैनिक जीवन क्रियाकलाप के माध्यम से हुए सकारात्मक बदलावों की समीक्षा की गई। संस्था अध्यक्ष ज्योति पटेल ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता के लिए संस्था और परिवार का संयुक्त प्रयास आवश्यक है। बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सभी पालकों ने उन्हें प्रतिदिन केंद्र भेजने का संकल्प लिया।संस्था के कोषाध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर ने संस्था के पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन, उपलब्ध सुविधाओं एवं बच्चों के पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, बैंक खाते एवं शासन की विभिन्न दिव्यांग कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बच्चों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। पालक पन्ना वर्मा ने संस्था को एक पंखा प्रदान करने, प्रत्येक गुरुवार बच्चों को फल वितरित करने तथा आर्थिक सहयोग देने की इच्छा व्यक्त की। संस्था परिवार ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। सभी पालकों ने केंद्र की पुनर्वास गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया।बैठक में संस्था उपाध्यक्ष श्रेयांश डाकलिया, सह सचिव शुभम अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर, सदस्य जय प्रकाश श्रीवास, दीपक प्रसाद अग्रवाल एवं गोपी प्रसाद पटेल सहित पालकगण उपस्थित रहे। अंत में जय प्रकाश श्रीवास ने आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी संस्था के कोषाध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर ने दी।

Exit mobile version