शिक्षा में प्रोत्साहन के लिए समर्पित इकरा फाउंडेशन ने 74 जरूरतमंद विद्यार्थियों को बांटी निःशुल्क पाठ्य सामग्री

खैरागढ़ और छुईखदान के जरूरतमंद छात्रों को दी गई सामग्री
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शिक्षा के क्षेत्र में पिछले आठ वर्षों से सक्रिय सामाजिक संस्था इकरा फाउंडेशन ने रविवार को खैरागढ़ और छुईखदान में अध्ययनरत 74 जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य सामग्री एवं स्कूल बैग वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कॉपी, किताबें और स्कूल बैग प्रदान किए गए जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। संस्था द्वारा खैरागढ़ के 51 तथा छुईखदान के 23 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई। वितरण कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों का मुंह मीठा कराकर की गई। आयोजन में इकरा फाउंडेशन के पदाधिकारियों और समाज के वरिष्ठ जनों ने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया है। इकरा फाउंडेशन के अध्यक्ष खलील कुरैशी ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम करने वाले विद्यार्थियों के लिए सफलता के रास्ते स्वयं खुल जाते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पढ़ाई से जुड़ी किसी भी आवश्यकता में संस्था बच्चों के साथ खड़ी रहेगी। वरिष्ठ सदस्य हाजी आज़म खान ने कहा कि संस्था निस्वार्थ भाव से विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग कर रही है। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई का महत्व समझते हुए अपने माता-पिता समाज और जिले का नाम रोशन करने का आग्रह किया है। वरिष्ठ सदस्य फारुख मेमन ने कहा कि समाज की जिम्मेदारी है कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन मिले। उन्होंने विद्यार्थियों को पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह दी। कोषाध्यक्ष शमशुल होदा खान ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और अनुशासन के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है वहीं वरिष्ठ सदस्य शोएब खान ने कहा कि संस्था द्वारा दी जा रही शैक्षणिक सामग्री विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने में सहायक सिद्ध होगी। संस्था के सचिव मो.याहिया नियाज़ी ने बताया कि इकरा फाउंडेशन पिछले आठ वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई में सहयोग कर रही है। संस्था का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें भविष्य में सफल और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।कार्यक्रम में फाउंडेशन के वरिष्ठ अब्दुल रज्जाक खान, सैय्यद जाकिर अली, हाजी रिज़वान मेमन, रियाजुद्दीन कादरी, जुनैद खान, ईमाम खान, आबिद खान, शेख निजामुद्दीन खान, इब्राहिम खान, अशरफ खान, अकरम खान, अमजद खान, अख्तर सोलंकी, अफरीदी खान, दादू खान, अल्ताफ खान, शेख शिबान, अफसर खान सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मो.याहिया नियाज़ी ने तथा आभार प्रदर्शन खलील कुरैशी ने किया है।

