
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल साव एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी गिरेंद्र सुधाकर के निर्देश पर संकुल प्राचार्य अनिल कुमार जंघेल तथा संकुल समन्वयक जी.आर. टंडन ने मंगलवार को संकुल अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला घिरघोली, प्राथमिक शाला ढोड़िया तथा प्राथमिक शाला पुरेना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता, बारहखड़ी, पहाड़ा, पठन-पाठन, गणितीय दक्षता तथा विज्ञान विषय की समझ का आकलन किया गया। अधिकारियों ने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने, वीएसके ऐप में उपस्थिति दर्ज करने, लंबित छात्रवृत्ति, जाति प्रमाण पत्र, पाठ्यपुस्तक, गणवेश, मध्यान्ह भोजन एवं पोषण वाटिका की नियमित समीक्षा करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। प्राथमिक शाला पुरेना में प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन द्वारा बच्चों को तार्किक एवं बौद्धिक गतिविधियों के माध्यम से अध्ययन कराते हुए पाया गया, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की। निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति संतोषजनक पाई गई।