विश्व पृथ्वी दिवस पर कन्या महाविद्यालय में हुए विविध आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ में प्राचार्य डॉ.ओपी गुप्ता के मार्गदर्शन में विश्व पृथ्वी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक अजय कुमार वर्मा ने विश्व पृथ्वी दिवस 2025 की थीम “हमारी शक्ति हमारा ग्रह” इस विषय पर अपना उद्बोधन देते हुए बताया कि इस थीम का उद्देश्य पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों की जगह पुनः प्रयोग किए जाने वाले ऊर्जा स्रोतों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस थीम का लक्ष्य 2030 तक वैश्विक स्तर पर अक्षय ऊर्जा उत्पादन को तीन गुना करना है जिससे पृथ्वी के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी जीवन प्रणाली की नींव रखी जा सकेlविश्व पृथ्वी दिवस की शुरुआत 22 अप्रैल 1970 को अमेरिका में हुई थी, जब अमेरिकी पर्यावरण कार्यकर्ता जेलार्ड नेल्सन ने पर्यावरण सुरक्षा की आवश्यकता को समझते हुए यह अभियान शुरू किया था। आज यह दिन दुनिया भर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने, प्रदूषण को कम करने, प्राकृतिक संसाधनों की बचत और उचित उपयोग, रीसायक्लिंग को बढ़ावा देने और पेड़-पौधों को लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने के लिए मनाया जाता है। महाविद्यालय के अ.स.प्राध्यापक दुर्वासा सिन्हा ने बताया कि हम कैसे अपनी पृथ्वी का संरक्षण संवर्धन कर सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से अनुरोध किया कि वे अपने पूरे परिवार सहित पेड़-पौधों को लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दें। प्लास्टिक के उपयोग को कम करके प्रदूषण को कम करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। अ.व्याख्याता मैथिली पटेल ने कार्यक्रम में मंच संचालन करते हुए छात्राओं के बीच यह बात रखी की प्रकृति के बदलते स्वरूप के पीछे हम सभी का योगदान है जब हम सीमित संसाधनों में जीवन यापन करना सीख जाएंगे तो हमारी पृथ्वी का बदलता स्वरूप इतनी तेजी से नहीं बदलेगा। अ.व्याख्याता टिकेश्वरी साहू ने विश्व पृथ्वी दिवस को लेकर बताया कि हमें अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाने होंगे। आप भी इस अभियान में अपना योगदान दे और पृथ्वी को सुरक्षित रखने में अपना योगदान दे। इन शब्दों के साथ उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त प्राध्यापकों एवं समस्त छात्राओं का आभार व्यक्त किया l

Exit mobile version