14 मार्च को होगा नेशनल लोक अदालत का आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के निर्देशानुसार 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बुधवार को व्यवहार न्यायालय खैरागढ़ में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसील विधिक सेवा समिति खैरागढ़ की अध्यक्ष मोहनी कंवर ने की। बैठक में अधिवक्ता संघ, राजस्व विभाग, बैंक, बीमा कंपनियों, नगर पालिका, बीएसएनएल व विद्युत विभाग के प्रतिनिधियों के साथ लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान सीजेएम निधि शर्मा, जेएमएफसी आकांक्षा खलखो सहित विभिन्न बैंकों व विभागों के अधिकारी, अधिवक्तागण और पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि नेशनल लोक अदालत में संपत्ति विवाद, धन वसूली, बैंक व वित्तीय संस्थाओं के मामले, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, वैवाहिक विवाद, राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण तथा राजस्व से जुड़े समझौता योग्य मामलों का निराकरण किया जाएगा। लोक अदालत में आपसी सहमति से मामलों का त्वरित निपटारा होता है जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होती है।

Exit mobile version