सीसी रोड, सामुदायिक भवन और रंगमंच का होगा निर्माण, लंबे समय से ग्रामीण कर रहे थे मांग
खैरागढ़। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत कुल 31.10 लाख रुपये के सात विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा के प्रयासों से स्वीकृत इन कार्यों में सीसी रोड, सामुदायिक भवन और रंगमंच का निर्माण शामिल है।
स्वीकृत कार्यों के तहत ग्राम खैरानवापारा में शनि मंदिर के पीछे सीसी निर्माण के लिए 2.60 लाख रुपये, ग्राम सरईपतेरा में सामुदायिक भवन के लिए 6.50 लाख रुपये, ग्राम चकनार के वार्ड क्रमांक 12 में सीसी रोड के लिए 5.20 लाख रुपये तथा ग्राम धनगांव में मुख्य मार्ग से राजेंद्र वर्मा के घर तक सीसी रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी तरह ग्राम घिरधोली के आदिवासी पारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये, ग्राम पंचायत नादिया के आश्रित ग्राम बसावर में मनहरण टंडन के घर से तुलसीदास रात्रे के घर तक सीसी रोड निर्माण के लिए 2.60 लाख रुपये तथा ग्राम लालपुर (पंचायत सरईपतेरा) में रंगमंच निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
ग्रामीणों को मिलेंगी बुनियादी सुविधाएं
इन कार्यों से गांवों की गलियों में आवागमन सुगम होने के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाएं विकसित होंगी। ग्रामीण लंबे समय से इन निर्माण कार्यों की मांग कर रहे थे। स्वीकृति मिलने पर विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। वहीं, क्षेत्र के ग्रामीणों ने भी विकास कार्यों की स्वीकृति पर विधायक के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।
