विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने एवं विद्यार्थियों में पर्यावरण चेतना विकसित करने हुआ पौधारोपण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में योग एवं स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी रूप से दिया गया। जिला प्रशासन, वन विभाग तथा नगर की विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या विद्यालय परिसर में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय परिसर को हराभरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना, जैव विविधता को बढ़ावा देना तथा विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के प्रति जागरूक करना रहा। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में वृक्ष बनकर न केवल विद्यालय परिसर की सुंदरता और हरियाली बढ़ाएंगे बल्कि विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण, छाया और प्रकृति से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन वन विभाग के विशेष सहयोग तथा आत्मनिर्भर अभियान से जुड़ी विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं की सहभागिता से संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित दुर्ग ग्रामीण के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर ने अपनी दिवंगत माता स्व.श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकर की स्मृति में प्रधानमंत्री द्वारा प्रेरित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आम का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पौधारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए ताकि आने वाले वर्षों में यही पौधे विशाल वृक्ष बनकर समाज को लाभ पहुंचा सकें। उन्होंने नगर में सेवाभावी संस्थाओं द्वारा चलाए जा रहे अभियान की भी सराहना की। इस अवसर पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल, वन मंडल अधिकारी पंकज राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर सुमन राज, डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे, एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू, जिला आयुष अधिकारी डॉ.सुशील बंजारे, रेंजर रमेश टंडन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत कुमार वर्मा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, जिला पंचायत के पूर्व सभापति घम्मन साहू, सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, समाजसेवी बिशेसर साहू, विकेश गुप्ता, तीरथ चंदेल, विनय देवांगन, अनुज देवांगन, बिशेसर दास साहू, गोरेलाल वर्मा तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ.कमलेश्वर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम के दौरान आम, कटहल, मौलश्री, आँवला, करंज एवं बादाम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इन पौधों का चयन इस दृष्टि से किया गया कि भविष्य में विद्यालय परिसर अधिक हरित, छायादार एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बन सके। उपस्थित अतिथियों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में विकसित होने वाली यह हरियाली विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेगी। पौधारोपण कार्यक्रम में आत्मनिर्भर अभियान से जुड़े विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं के स्वयंसेवियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें रूपेंद्र रजक, समसुल होदा खान, रूपेश देवांगन, गोविन्द सोनी, अमीन मेमन, नीलम राजपूत, राजू यादव, संजय वालेचा, आनंद चोपड़ा तथा अनुराग शांति तुरे सहित अन्य स्वयंसेवी शामिल रहे। स्वयंसेवियों ने पौधारोपण के बाद पौधों को ट्री गार्ड लगाकर सुरक्षित किया तथा उनके नियमित संरक्षण एवं देखरेख की जिम्मेदारी भी संभाली। पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए अभियान की ओर से ट्री गार्ड की व्यवस्था शांतिदूत संस्था के संयोजक अनुराग शांति तुरे द्वारा की गई वहीं नगर पालिका परिषद ने भी अभियान को सहयोग प्रदान करते हुए एक ट्री गार्ड भेंट किया। इस पहल ने यह सुनिश्चित किया कि लगाए गए पौधों का संरक्षण प्रभावी ढंग से हो सके और वे भविष्य में विकसित होकर विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने के उद्देश्य को पूर्ण कर सकें। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं बल्कि सामाजिक एवं पर्यावरणीय संस्कारों के निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि विद्यालय परिसर हरियाली से समृद्ध होंगे तो विद्यार्थी बचपन से ही प्रकृति के महत्व को समझेंगे और पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएंगे। इसी सोच के साथ विद्यालय परिसर में पौधारोपण एवं उनके संरक्षण कर वृक्ष बनाने का अभियान प्रारंभ किया गया है। योग, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के त्रिवेणी संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। पौधारोपण के माध्यम से उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित वातावरण के निर्माण का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि योग से स्वस्थ शरीर और पौधारोपण से स्वस्थ पर्यावरण का निर्माण संभव है तथा दोनों मिलकर समृद्ध और संतुलित समाज की आधारशिला रखते हैं। इस अवसर पर आयुष विभाग से डॉ.शिल्पी सिंह, डॉ.प्रधान, डॉ.देशमुख, डॉ.श्रुति जैन, नवपदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी सिमरन साहू, वनपाल अभिषेक देवांगन, कैलाश सिंह, वन रक्षक शिवेंद्र सिंह सहित अधिकारी कर्मचारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Exit mobile version