स्टाप डैम के बदबूदार पानी में बिलबिला रहे कीड़े
नदियों की सफाई को लेकर प्रशासन के पास कोई योजना नहीं
खैरागढ़। शहर में गहराते जल संकट के बीच लालपुर स्टॉप डेम की बदहाल स्थिति को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने स्थल निरीक्षण कर डेम की जमीनी हकीकत देखी जहां पानी की भारी कमी, बदबू और कीड़ों से भरी स्थिति सामने आयी। विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा के निर्देश पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डेम का निरीक्षण किया। इस दौरान नगरपालिका पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।निरीक्षण में पाया गया कि करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बने एनीकट में पानी लगभग समाप्त हो चुका है। डेम में बचा हुआ पानी न तो उपयोग योग्य है और न ही नहाने लायक। पानी से तेज दुर्गंध आ रही है और उसमें कीड़े पड़ चुके हैं जिससे आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। डेम के आसपास शराब की खाली बोतलें और पानी के पाउच बड़ी संख्या में बिखरे मिले जिससे गंदगी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार इसी जल स्रोत से शहर के कुछ वार्डों में पानी की आपूर्ति की जाती रही है लेकिन वर्तमान स्थिति के चलते आपूर्ति ठप पड़ी है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज ने बताया कि एनीकट निर्माण के समय 12 महीने तक आधा एमसीएम पानी संग्रहित रखने का लक्ष्य रखा गया था बाद में लगभग एक करोड़ रुपये खर्च कर इसकी ऊंचाई भी बढ़ाई गई लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की लगातार शिकायतों के बाद निरीक्षण किया गया। अधिकारियों से चर्चा में यह स्पष्ट हुआ कि पानी की कमी के कारण फिलहाल आपूर्ति बंद कर दी गई है। जिस जल स्रोत पर शहर के वार्ड निर्भर हैं उसकी यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।

कांग्रेस ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को सूचना देकर पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है और चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा वहीं पार्षद व नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने कहा कि यह मुद्दा कई बार नगर पालिका की बैठकों में उठाया गया लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि गर्मी की शुरुआत में ही लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है जो नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। दीपक देवांगन ने यह भी आरोप लगाया कि शहर का गंदा पानी नालियों के माध्यम से नदी में छोड़ा जा रहा है और करोड़ों रुपये की लागत से बना वाटर प्लांट भी बंद पड़ा है जिससे समस्या और विकराल हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल औपचारिकता निभाने से काम नहीं चलेगा। शहर की मूलभूत सुविधाओं को लेकर ठोस और त्वरित कदम उठाने की जरूरत है। निरीक्षण के दौरान पूरन सारथी, सूर्यकांत यादव, शेखर दास वैष्णव, महेश यादव, हरि दर्शन, नरेश सिन्हा, विनोद सिन्हा, भूपेंद्र वर्मा, रतन सिंघी सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।