
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। केंद्र शासन की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत छुईखदान स्थित बुनकर केंद्र में हथकरघा एवं वस्त्र क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों के लिए तीन दिवसीय सेक्टर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार एवं राज्य शासन की पहल पर सीएसआईडीसी रायपुर के माध्यम से चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में 35 से अधिक उद्यमियों एवं महिला स्व-रोजगार समूहों ने भाग लेकर अपने व्यवसाय को विस्तार देने की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों के विकास बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद निर्माण और व्यवसायिक प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के प्रारंभिक चरण में प्रतिभागियों के अनुभव कार्य पद्धति और सामने आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विशेषज्ञों ने व्यक्तिगत मार्गदर्शन देकर संभावनाओं पर प्रकाश डाला। दूसरे दिन विशेषज्ञों ने केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं वित्तीय सहायता सब्सिडी प्रावधान उद्यम पंजीयन कौशल विकास और विपणन रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं अंतिम दिन प्रतिभागियों को आयात निर्यात संभावनाओं विभागीय समन्वय और बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए साड़ी सूट और कुर्ता जैसे रेडीमेड परिधानों के निर्माण के नए आयामों से परिचित कराया गया जिससे बुनकरों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो सकें। समापन सत्र में जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक प्रणय बघेल ने उपस्थित प्रशिक्षुओं को शासकीय योजनाओं के लाभ ऋण प्रक्रिया कार्यशील पूंजी तथा व्यवसायिक प्रस्तुति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इस दौरान पूर्व में संचालित ईडीपी लीप बैच के सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक लोकेश सिन्हा एवं तुषार साहू की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में आयोजक संस्था द्वारा प्रतिभागियों और सहयोगी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को अपने व्यवसाय को सशक्त बनाने के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।