2018 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तत्कालीन केंद्रीय रेल मंत्री को कवर्धा बुलाकर कराया गया था भूमि पूजन
भाजपा चुनाव जीतने करती है राजनीतिक स्टंटबाजी
रेल परियोजना के लिये आज तक नहीं रखी गई एक ईंट-पत्थर
कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल, बढ़ते बस किराए और महंगाई पर भी जताई चिंता
खैरागढ़। खैरागढ़ अंचल में बहु प्रतीक्षित रेल लाइन का सपना वर्षों से दिखाया जा रहा है लेकिन अब तक यह सपना हकीकत में नहीं बदल सका है। रेल सुविधा की उम्मीद लगाए बैठे क्षेत्रवासियों को समय-समय पर घोषणाओं और भूमि पूजन के माध्यम से आश्वासन तो मिलते रहे हैं, लेकिन धरातल पर परियोजना की वास्तविक प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। रेल लाइन के नाम पर लगातार उम्मीदें जगाई जा रही हैं जबकि खैरागढ़ आज भी रेल सुविधा से वंचित है।उक्त बातें कांग्रेस नेता एवं विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने हमारे प्रतिनिधि से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने रेल परियोजना को लेकर वर्ष 2018 की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तत्कालीन सांसद संतोष पांडे की अगुवाई में केंद्रीय रेल मंत्री को कवर्धा बुलाकर रेल लाइन का भूमि पूजन कराया गया था। उस समय क्षेत्रवासियों को उम्मीद बंधी थी कि अब रेल परियोजना का काम जल्द शुरू होगा, लेकिन विडंबना है कि इतने वर्ष बीत जाने के बाद भी रेल लाइन के नाम पर धरातल पर एक ईंट-पत्थर तक नहीं रखा गया है। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ के लिए रेल लाइन केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। रेल सुविधा शुरू होने से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे तथा विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सस्ती एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। इसके बावजूद परियोजना की प्रगति को लेकर सरकार की ओर से स्पष्टता और ठोस पहल का अभाव नजर आ रहा है। श्री देवांगन ने कहा कि रेल लाइन के नाम पर घोषणाएं और भूमि पूजन करना पर्याप्त नहीं है। जनता यह जानना चाहती है कि निर्माण कार्य कब शुरू होगा और परियोजना को पूरा करने की समय-सीमा क्या है। वर्ष 2018 में हुए भूमि पूजन के बाद भी यदि निर्माण की दिशा में ठोस प्रगति नहीं हुई है तो सरकार को इसकी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। विकास का आकलन मंचों से किए गए वादों से नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाले कार्यों से होना चाहिए। उन्होंने बढ़ते बस किराए और महंगाई पर चिंता जताते हुए कहा कि एक ओर आम आदमी पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है वहीं आवागमन के साधनों पर बढ़ते खर्च से आम यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर यात्रा तक हर क्षेत्र में बढ़ते खर्च ने आम परिवारों की आर्थिक परेशानियां बढ़ा दी हैं। ऐसे समय में सरकार को आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
अब जनता को घोषणाएं नहीं, समयबद्ध निर्माण चाहिए
मनराखन देवांगन ने भाजपा की साय सरकार से मांग की कि खैरागढ़ रेल लाइन परियोजना की वर्तमान स्थिति, स्वीकृति, बजट और निर्माण की समय-सीमा सार्वजनिक की जाए। साथ ही परियोजना को गति देने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ की जनता को अब केवल रेल लाइन के सपने नहीं बल्कि अपने क्षेत्र में वास्तव में दौड़ती हुई ट्रेन चाहिए।
