युवा उत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, भाषण और वाद-विवाद में रहे अव्वल

गंडई-पंडरिया। स्व.देवी प्रसाद चौबे शासकीय महाविद्यालय गंडई में महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव सत्र 2026-27 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्राचार्य टी.एल. वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। महाविद्यालय के सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विभाग के संयोजक गावस्कर कौशिक के नेतृत्व में आयोजित युवा उत्सव के अंतर्गत वाग्मिता, वाद-विवाद और तात्कालिक भाषण प्रतियोगिताएं हुईं। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषायी दक्षता, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचारों को प्रभावशाली और तार्किक ढंग से प्रस्तुत किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष में अपने तर्क रखे वहीं वाग्मिता एवं तात्कालिक भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी वक्तृत्व कला, विषय की समझ और अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं के परिणामों में तात्कालिक भाषण में खुशबू जंघेल ने प्रथम, जोया परवीन ने द्वितीय तथा पीयूष रजक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में जोया परवीन प्रथम, रजमत द्वितीय एवं देवेश्वरी तृतीय रहीं। इसी तरह वाग्मिता प्रतियोगिता में जोया परवीन ने प्रथम तथा सरिता सेन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल और आत्मविश्वास का विकास होता है। साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विभाग के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। अंत में विभाग के संयोजक गावस्कर कौशिक ने आभार प्रदर्शन किया।

↑
Exit mobile version