व्यावहारिक ज्ञान के साथ रचनात्मकता का किया प्रदर्शन
विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने खेलकूद, रंगोली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लिया हिस्सा
बाजार अतरिया। बाल दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाजार अतरिया में बालमेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता, कला और कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए देशी व्यंजनों के स्टॉल, रंगोली प्रतियोगिता, खेलकूद गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। प्राचार्य राजेंद्र कुमार वर्मा एवं व्याख्याता देवेंद्र कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस बालमेले में प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला बाजार अतरिया, अवंति विद्या मंदिर, रॉयल पब्लिक स्कूल तथा सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई। बच्चों ने स्वयं विभिन्न पारंपरिक व्यंजन तैयार कर उनके स्टॉल लगाए तथा बिक्री के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। वहीं रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों की सराहना बटोरी। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कमल शर्मा ने की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के उपसरपंच, पंचगण, गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता का अवसर देना था। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का योगदान रहा। समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी सहभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह जानकारी प्राचार्य राजेंद्र कुमार वर्मा ने दी।
