KCG

यातायात पुलिस ने 279 चालान काटकर नियम तोड़ने वालों से वसूला 1 लाख 35 हजार का अर्थदंड

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर केसीजी यातायात पुलिस ने जुलाई माह के प्रथम पखवाड़े में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई। 1 से 16 जुलाई के बीच कुल 279 चालान काटे गए और 1 लाख 35 हजार 200 रुपये का अर्थदंड वसूला गया है। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने 4 जुलाई को छुईखदान के केकती बाड़ी मैदान में आरटीओ दस्तावेज अद्यतन एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित किया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिल भगत के सहयोग से आयोजित इस शिविर में वाहन स्वामियों को विभिन्न दस्तावेज मौके पर ही उपलब्ध कराए गए। शिविर के दौरान 70 लर्निंग लाइसेंस 19 वाहन बीमा 21 प्रदूषण प्रमाण-पत्र और 16 हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) सहित कुल 126 लोगों ने सेवाओं का लाभ लिया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी भी दी। इसके बाद 12 जुलाई को खैरागढ़ के राजा फतेह सिंह मैदान में परिवहन विभाग और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से स्कूली वाहनों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। 21 स्कूल बसों और वैन की फिटनेस बीमा प्रदूषण प्रमाण-पत्र अग्निशमन यंत्र प्राथमिक उपचार किट पैनिक बटन स्पीड गवर्नर तथा आपातकालीन निकास जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की गई। कुछ वाहनों में तकनीकी कमियां मिलने पर संचालकों को दो दिनों के भीतर सुधार कर दोबारा निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही चालकों और परिचालकों को आपात स्थिति में अग्निशमन यंत्र के सुरक्षित उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया है। यातायात पुलिस लगातार चौक-चौराहों बाजारों गांवों और विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित कर रही है। इसके साथ ही नियम तोड़ने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत नियमित कार्रवाई भी की जा रही है। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के 87, तीन सवारी के 37, प्रेशर हॉर्न के 32, अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के 27, बिना हेलमेट के 25, बिना सीट बेल्ट के 5, मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने के 2, शराब पीकर वाहन चलाने के 4 तथा अन्य धाराओं के 60 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध इश्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरणों के निराकरण के बाद संबंधित वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी की जाएगी। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page