

पत्र वार्ता में गिनाई गई 12 साल की उपलब्धियां
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास के स्वर्णिम काल के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए देश में व्यापक परिवर्तन किए हैं। चिमनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। डिजिटल गवर्नेंस और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ी है तथा सरकारी सहायता सीधे हितग्राहियों के खातों तक पहुंच रही है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है, नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है तथा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान और बढ़ते विदेशी निवेश को उन्होंने इसकी प्रमुख उपलब्धियां बताया। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के सम्मान को भी प्राथमिकता दी है। कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नए संसद भवन और जनजातीय गौरव दिवस जैसे कदम इसी दिशा में उठाए गए हैं। छत्तीसगढ़ के संदर्भ में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में राज्य को 5.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की है। रेलवे विकास के लिए 7,470 करोड़ रुपये, पांच नए मेडिकल कॉलेज, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे, जनजातीय कल्याण योजनाओं तथा खनिज आधारित औद्योगिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से प्रदेश को विशेष लाभ मिला है। प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष बिशेषर साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, महामंत्री शशांक ताम्रकार, उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उमा चौबे, मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा, जिला सोशल मीडिया संयोजक विनय चोपड़ा एवं जिला मीडिया प्रभारी यतीश साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
