मेहनत से सजाई दुकान पलभर में राख, घोटिया में आग से भोंडेकर दंपत्ति 7 लाख से ज्यादा का नुकसान

खैरागढ़। मेहनत से सजाए कारोबार में जब आग की लपटें उठीं तो देखते ही देखते खुशियों और उम्मीदों से भरी दुकान राख में तब्दील हो गई। जिले के घोटिया गांव में झरना फैशन कपड़ा एवं फैंसी दुकान में लगी भीषण आग ने दुकान संचालक झरना भोंडेकर और उनके पति जयकिशन भोंडेकर को गहरा आर्थिक झटका दिया है। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखा कपड़ा और फैंसी सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में सात लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि ग्रामीणों की तत्परता और डायल 112 की मदद से आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

दुकान में आग लगने की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। डायल 112 की टीम की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। हालांकि आग बुझने तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था। घटना के बाद दुकान संचालक दंपती के सामने आर्थिक नुकसान की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। जिस कारोबार को उन्होंने मेहनत से खड़ा किया था उसे आग ने भारी नुकसान पहुंचाया है।

आगजनी में कपड़े और फैंसी सामान के बड़े हिस्से के नष्ट होने से दुकान संचालक को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। शुरुआती आकलन में नुकसान सात लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस घटना ने दंपती के कारोबार को बड़ा झटका दिया है।

दुकान में आग कैसे लगी यह सवाल अब भी बना हुआ है। शॉर्ट सर्किट की आशंका सहित आग लगने के अन्य संभावित कारणों की पुष्टि होना बाकी है। दुकान संचालक की शिकायत के बाद खैरागढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान की स्थिति का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। ग्रामीणों की तत्परता से टली जनहानि लेकिन दुकान संचालक दंपती को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।*l अब सबकी नजर पुलिस जांच पर है जिससे आग लगने की वजह सामने आ सके।

↑
Exit mobile version