राशन के लिए 2 किमी दूर जाने की मजबूरी, दाऊचौरा निवासियों ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम

खैरागढ़। वार्ड क्रमांक 16 एवं 17 दाऊचौरा वार्डवासियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन प्राप्त करने में हो रही परेशानियों को लेकर सोमवार को नाराजगी सामने आई। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मनोहर सेन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वार्डवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर राशन वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की। वार्डवासियों ने प्रशासन को सात दिनों के भीतर समस्या का निराकरण करने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में मांग पूरी नहीं होने पर परिवारजनों और बच्चों के साथ कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

वार्डवासियों के अनुसार पहले उचित मूल्य की राशन दुकान दाऊचौरा वार्ड में ही संचालित होती थी जिससे हितग्राहियों को राशन लेने में सुविधा होती थी। उनका आरोप है कि श्रद्धा साईं महिला स्वावलंबन समिति को दुकान संचालन की जिम्मेदारी मिलने के बाद राशन दुकान का संचालन वार्ड से हटाकर घर पर की जाने लगी। इसके चलते वार्ड क्र. 16 एवं 17 के लोगों को राशन लेने के लिए करीब दो किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि दूर स्थित दुकान तक पहुंचने के बाद भी कई बार उन्हें बिना राशन लिए वापस लौटना पड़ता है। कभी राशन समाप्त होने तो कभी सर्वर डाउन होने की बात कहकर राशन वितरण नहीं किया जाता। इसके कारण हितग्राहियों को बार-बार दुकान के चक्कर लगाने पड़ते हैं। लोगों का कहना है कि इस अव्यवस्था के चलते समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है जबकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक समय पर राशन पहुंचाना है। ज्ञापन के माध्यम से वार्डवासियों ने उचित मूल्य की राशन दुकान को पुनः दाऊचौरा वार्ड में संचालित करने की मांग की है। इसके साथ ही राशन वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने और सभी पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय पर राशन उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई है। वार्डवासियों ने प्रशासन से सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर समयसीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।वार्डवासियों की शिकायत और ज्ञापन के बाद अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। लोगों का कहना है कि राशन दुकान ऐसी जगह संचालित होनी चाहिए जहां वार्ड के हितग्राहियों को आसानी से सुविधा मिल सके और उन्हें अपने हक का राशन प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और वार्डवासियों को राहत कब तक मिलती है। इस दौरान देवकी देवांगन, केसर सेन, अजय देवांगन, गोविंद सारथी, अशोक सारथी, आशा धुर्वे, सुनीता यादव, कमला सारथी, सीता पटेल, झमीन यादव, हेमलता देवांगन, प्रभा सेन, कांति देवांगन, लीला देवांगन, कुंवरिया देवांगन, रेखा देवांगन एवं सुरेखा देवांगन सहित अन्य वार्डवासी उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version