Uncategorized

महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने मोहंदी स्थित केमिकल्स फैक्ट्री का किया शैक्षणिक भ्रमण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय, खैरागढ़ में प्राचार्य डॉ. ओ.पी. गुप्ता के मार्गदर्शन एवं रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष श्रीमती मनीषा नायक के संरक्षण में शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत छात्र-छात्राओं का औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मोहंदी स्थित जया स्पेशलिटी केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड का भ्रमण कर औद्योगिक प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान कंपनी के प्रबंधक सतीश भगत एवं टेक्निकल इंजीनियर सुश्री काजल सिंह ने विद्यार्थियों को प्लांट में निर्मित उत्पादों—एंथ्रासीन, कार्बाजोल एवं नैफ्थलीन के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इन रसायनों का उपयोग उर्वरक निर्माण, एनालिटिकल रिएजेंट, फार्मास्युटिकल उद्योग तथा विभिन्न प्रयोगशालाओं में व्यापक रूप से किया जाता है।
प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण इंटरेक्टिव लर्निंग का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को जब विद्यार्थी औद्योगिक इकाई में प्रत्यक्ष रूप से देखते और समझते हैं, तो उनकी विषयगत समझ और अधिक सुदृढ़ होती है। इस भ्रमण के माध्यम से छात्रों ने उत्पादन प्रक्रियाओं, कच्चे माल की हैंडलिंग, रासायनिक अभिक्रियाओं, सुरक्षा उपायों तथा पर्यावरणीय प्रबंधन संबंधी पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। इस शैक्षणिक भ्रमण में एम.एससी. रसायन शास्त्र के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में राकेश वर्मा एवं ऐश्वर्य वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।महाविद्यालय परिवार ने ऐसे शैक्षणिक प्रयासों को विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page