
गंडई महाविद्यालय में हुआ आयोजन
सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। स्व.देवीप्रसाद चौबे शासकीय महाविद्यालय गंडई में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित इस अंतर विभागीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों से अवगत कराते हुए वैज्ञानिक और सही जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. तामेश्वर जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में मासिक धर्म से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की और विद्यार्थियों के साथ खुला संवाद स्थापित किया। इस दौरान छात्र छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए अपने सवाल रखे। विद्यार्थियों ने अनियमितता दर्द और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित प्रश्न पूछे जिनका डॉ. जायसवाल ने सरल और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समाधान बताया। उन्होंने संतुलित आहार व्यक्तिगत स्वच्छता नियमित दिनचर्या और समय पर चिकित्सकीय परामर्श को आवश्यक बताया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि मासिक धर्म केवल महिलाओं से जुड़ा विषय नहीं बल्कि समाज से जुड़ा मुद्दा है। इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने में सभी की सहभागिता जरूरी है तभी सकारात्मक बदलाव संभव है। कार्यक्रम का संचालन और समन्वय अर्थशास्त्र विभाग के डॉ.गौरव जैन द्वारा किया गया।

