KCG

मलेरिया उन्मूलन के लिए जिले में विशेष अभियान शुरू

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में मलेरिया नियंत्रण और उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक अभियान की शुरुआत की है। सोमवार से शुरू हुए मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत आगामी एक माह तक चयनित गांवों में घर-घर पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। अभियान का शुभारंभ कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने सर्वेक्षण दलों को मलेरिया जांच किट वितरित किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई तक संचालित इस अभियान में जिले के 116 गांवों के 12 हजार 739 परिवारों तक स्वास्थ्य टीम पहुंचेगी। इस दौरान लगभग 63 हजार 747 लोगों का सर्वे किया जाएगा। सर्वे के दौरान बुखार या मलेरिया के संभावित लक्षण मिलने पर तत्काल जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर रक्त नमूने भी लिए जाएंगे। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन के अनुसार जांच में संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों को तत्काल निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों अथवा अस्पतालों में भर्ती कर उपचार की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि समय रहते पहचान और उपचार से मलेरिया संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। स्वास्थ्य कार्यकर्ता लोगों को मच्छरदानी के उपयोग स्वच्छता बनाए रखने जलभराव रोकने तथा मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगे। विभाग का मानना है कि सामुदायिक सहभागिता से मलेरिया नियंत्रण के प्रयासों को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर अधिकारियों ने नागरिकों से सर्वेक्षण दलों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और अभियान में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पर्यवेक्षक और मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page