
प्रशासन के साथ स्थानीय स्तर पर तैयारी में जुटे नागरिक
सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। खैरागढ़ जिले के ठाकुरटोला क्षेत्र स्थित प्राचीन एवं आस्था के केंद्र मंडीपखोल गुफा में आयोजित होने वाले पारंपरिक देव जात्रा एवं महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी अक्षय तृतीया के बाद प्रथम सोमवार 27 अप्रैल को यह आयोजन किया जाएगा। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह गुफा स्थल अपनी विशालता रहस्यमयी संरचना और आध्यात्मिक महत्व के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। घने जंगलों के बीच स्थित इस गुफा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कठिन मार्ग से गुजरना पड़ता है जिसमें एक ही नदी को कई बार पार करना शामिल है।

यही कारण है कि यह स्थल आस्था के साथ साथ साहसिक रोमांच का भी अद्वितीय अनुभव प्रदान करता है। मंडीपखोल देव को क्षेत्र में मनोकामना पूर्ण करने वाले देवता के रूप में पूजा जाता है जिसके चलते हर वर्ष हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। यह आयोजन स्थानीय आदिम सांस्कृतिक परंपराओं और लोक आस्था का जीवंत प्रतीक माना जाता है। महोत्सव के सफल आयोजन के लिए मंढीपखोल सेवा समिति द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग, सुरक्षा, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि दर्शन एवं आवागमन सुगम हो सके।

