
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर के दाऊ चौरा वार्ड क्रमांक 17 निवासी राहुल पिता शंकर यादव के घर उस समय हर्ष और उल्लास का माहौल बन गया, जब उनकी दुधारू गाय ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। गाय ने एक स्वस्थ बछिया और एक बछड़े को जन्म दिया है। इस सफल डिलीवरी में सहायक शिक्षक एल.बी. विक्रम सिंह ठाकुर की अहम भूमिका रही। गौरतलब है कि यादव परिवार गौमाता के सहारे ही अपनी जीविका चलाता है। गाय के गर्भधारण के समय से ही नियमित दवाइयों, खान-पान और देखरेख पर विशेष ध्यान दिया गया। डिलीवरी के दौरान सहायक शिक्षक विक्रम सिंह ठाकुर ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया को संभाला, जिससे सुरक्षित रूप से जुड़वा डिलीवरी संभव हो सकी। यादव परिवार ने सहायक शिक्षक विक्रम सिंह ठाकुर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सेवा और समर्पण के कारण ही आज उनके घर में रौनक लौटी है। परिवार ने इसे ईश्वर की कृपा और गौसेवा का फल बताया। गौरतलब है कि सहायक शिक्षक विक्रम सिंह ठाकुर गौसेवा को लेकर क्षेत्र में विशेष पहचान रखते हैं। वे दिन-रात गौमाताओं की सेवा में जुटे रहते हैं। चाहे आवारा मवेशियों के लिए चारा-पानी की व्यवस्था हो या बीमार पशुओं की देखरेख, वे अपने वेतन का अधिकांश हिस्सा निस्वार्थ भाव से गौसेवा में खर्च करते आ रहे हैं।
गौ पालक संजीव सिंह ने विक्रम सिंह ठाकुर की प्रशंसा करते हुए कहा कि कलयुग में गौमाता की सेवा से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि लोग तीर्थ यात्रा और धाम दर्शन के साथ-साथ गौसेवा को अपनाएं, तो प्रकृति स्वयं उन पर कृपा बरसाती है।सहायक शिक्षक विक्रम सिंह ठाकुर की इस सेवाभावी पहल की पूरे शहर मे सराहना हो रही है।