Advertisement
Uncategorized

कटंगी में सामाजिक बहिष्कार का मामला

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम कटंगी में शीतलाल निर्मलकर से जुड़े सामाजिक बहिष्कार के प्रकरण को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग के अनुविभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में ग्राम पंचायत भवन कटंगी में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत पदाधिकारी, निर्मलकर समाज के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी व्यक्ति या परिवार का सामाजिक बहिष्कार करना, उसे अलग-थलग करना या किसी प्रकार का दबाव बनाना कानूनन अपराध है। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि गांव की शांति व्यवस्था, सामाजिक समरसता और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कृत्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि आपसी विवाद या मतभेद की स्थिति में स्वयं निर्णय लेने अथवा सामाजिक दबाव बनाने के बजाय पंचायत एवं प्रशासन की सहायता ली जानी चाहिए।
बैठक में संवाद और आपसी सहमति को विवाद समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम बताया गया। सभी पक्षों की बातें सुनी गईं और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में पहल करने पर जोर दिया गया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों एवं समाज के सदस्यों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में गांव में इस प्रकार की स्थिति निर्मित नहीं होने दी जाएगी। ग्रामीणों ने भी गांव में भाईचारा, सद्भाव और शांति बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि सामने आने पर तत्काल एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व इस प्रकरण से आहत एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित हस्तक्षेप किया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page