KCG

खैरागढ़ के बरेठपारा वार्ड में नशाखोरी, जुआ-सट्टा और असामाजिक गतिविधियों को लेकर रहवासियों में गहराई चिंता

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला मुख्यालय खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक 06 बरेठपारा में कथित रूप से बढ़ती नशाखोरी, जुआ-सट्टा और असामाजिक गतिविधियों को लेकर स्थानीय रहवासियों में चिंता बढ़ती जा रही है। वार्डवासियों का आरोप है कि क्षेत्र के कुछ स्थानों पर सुबह से देर रात तक नशे का अवैध कारोबार और अन्य असामाजिक गतिविधियां संचालित होती हैं जिससे मोहल्ले का माहौल प्रभावित हो रहा है। रहवासियों के अनुसार शक्ति चौक और संतोषी चौक के आसपास कुछ असामाजिक तत्वों का नियमित जमावड़ा लगा रहता है। उनका कहना है कि इस कारण आम नागरिक, विशेषकर महिलाएं, बुजुर्ग और परिवार, स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों का यह भी आरोप है कि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले कुछ युवक देर रात तक वार्ड में घूमते रहते हैं जिससे स्थानीय नागरिकों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कथित रूप से नशाखोरी के साथ-साथ जुआ और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियां भी संचालित हो रही हैं। उनका मानना है कि इनका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं और किशोरों पर पड़ रहा है। कई अभिभावकों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो नई पीढ़ी गलत संगत और नशे की लत की ओर आकर्षित हो सकती है। रहवासियों का यह भी कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों के भय के कारण अधिकांश लोग खुलकर शिकायत करने से बचते हैं। उनका मानना है कि नियमित पुलिस गश्त और कानून का सख्ती से पालन होने पर क्षेत्र की स्थिति में सुधार संभव है। विशेष अभियान चलाने की मांग स्थानीय नागरिकों ने पुलिस एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि वार्ड में कथित अवैध नशे के कारोबार, जुआ-सट्टा और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हो और नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर सकें।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page