
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत की अपराजेय सदस्य व कांग्रेस नेत्री श्रीमती निर्मला विजय वर्मा ने भारतीय जनता पार्टी की साय सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ में नशे का कारोबार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की पवित्र धरती पर अब अवैध नशे के कारोबार और अफीम की खेती जैसी गतिविधियां होने लगी है जो बेहद चिंताजनक है। श्रीमती वर्मा ने कहा कि प्रदेश में अफीम की खेती किए जाने की लगातार खबरें सामने आ रही हैं ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है? उनका कहना है कि जिस छत्तीसगढ़ को “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” और धान का कटोरा की पहचान से जाना जाता था आज उसी प्रदेश की छवि को नशे के बढ़ते कारोबार से नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने आगे कहा कि नशे और शराब की बढ़ती उपलब्धता का सबसे अधिक दुष्प्रभाव प्रदेश के युवाओं और बच्चों पर पड़ रहा है। उनके अनुसार कई स्थानों पर नई शराब दुकानों के खुलने से प्रदेश की भाजपा सरकार के राजस्व में वृद्धि तो हो रही है पर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर सरकार मौन है। आगे निर्मला विजय वर्मा ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और ऐसे लोगों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता अब सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी और छत्तीसगढ़ की भोली-भाली जनता प्रदेश की असली पहचान और भविष्य को बचाने के लिए सजग है और आने वाले समय में इसका पूरा हिसाब लेगी।
