

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने तथा विभिन्न स्वरोजगार एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में बैंकों और संबंधित विभागों की प्रगति का आकलन करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा जब पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण एवं बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने बैंक अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा आमजन की बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने के निर्देश दिए है। समीक्षा के दौरान पीएम सूर्य घर योजना, स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्धता, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी योजनाओं तथा प्राथमिकता क्षेत्र ऋण वितरण की प्रगति पर विचार विमर्श किया गया। साथ ही वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्यों की पूर्ति और डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के उपायों पर भी चर्चा हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, आरबीआई के एलडीओ क्षितिज वर्मा, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक हर्ष देशमुख, अग्रणी जिला प्रबंधक एवं आरसेटी प्रभारी निदेशक सीएस ठाकुर सहित विभिन्न बैंकों और विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर जून माह के दौरान संचालित किए जाने वाले पीएम स्वनिधि महोत्सव एवं खेत बचाओ अभियान की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।अधिकारियों ने बैंकिंग और शासकीय विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया है।