बिडौरी स्कूल में विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल और जल संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक

खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल जीवन मिशन के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला बिडौरी, विकासखंड छुईखदान में एक्सपोजर मीटिंग का आयोजन किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल के महत्व, जल संरक्षण, पेयजल की गुणवत्ता और जलजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में जल के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और स्वच्छ पेयजल से जुड़ी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना था। एक्सपोजर मीटिंग के दौरान विद्यार्थियों को जल जीवन मिशन के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल स्वस्थ जीवन का आधार है। पेयजल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना, पानी को ढककर रखना, जल का अनावश्यक अपव्यय रोकना और दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाना जरूरी है। विद्यार्थियों को जल की गुणवत्ता के प्रति सजग रहने तथा अपने घर और आसपास के लोगों को भी स्वच्छ पेयजल एवं जल संरक्षण के लिए जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता तथा जिला समन्वयक उपस्थित रहे। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक करने के साथ समुदाय तक स्वच्छता एवं जल सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया। बच्चों के माध्यम से परिवारों और गांवों में जागरूकता बढ़ाने की यह गतिविधि जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

↑
Exit mobile version