बाल दिवस पर बच्चों को खेल सामग्री और उपहार भेंट कर शक्तिबाला वेलफेयर फाउंडेशन ने बढ़ाया उत्साह

रायपुर। बाल दिवस के अवसर पर शक्ति वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा बच्चों के उत्साहवर्धन और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रायपुर के बाल आश्रम में जरूरतमंद बच्चों को खेल सामग्री एवं उपहार भेंट किए गए। संस्था की संस्थापिका एवं प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती श्वेता ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को विभिन्न प्रकार की खेल सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर बच्चों के लिए बैट की दो किट, छह टेनिस बॉल, दो स्टंप सेट, पांच शतरंज, पांच लूडो, दो चाइनीज चेकर, पांच फ्लाइंग डिस्क, दो हुला हूप, चार बैडमिंटन, छह शटलकॉक और एक बड़ा कैरम बोर्ड भेंट किया गया। इसके साथ ही बच्चों को 100 पैकेट बिस्किट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में संस्था की सदस्य झरना प्रधान, श्रीमती सुनीता सेन, महेश आयंगा, अभिषेक ठाकुर एवं योगेश मंडलवार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने इस पहल में सक्रिय सहभागिता निभाई और बच्चों के साथ बाल दिवस की खुशियां साझा की। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष श्वेता ठाकुर ने कहा कि मानवता की असली पहचान सहयोग की भावना में निहित है। यही भावना मनुष्य के भीतर मनुष्यता को जीवित रखती है। बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेल और आपसी सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।संस्था की ओर से कहा गया कि समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। सभी सदस्यों के सामूहिक सहयोग से भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए इस तरह के रचनात्मक एवं सेवाभावी आयोजन किए जाते रहेंगे।

↑
Exit mobile version