
समाज ने दिखाई संवेदनशीलता
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। मानवता और संवेदनशीलता का उदाहरण सामने आया है जहां प्रशासन, विधिक सेवा समिति और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयास से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ बेघर महिला को उपचार दिलाया गया। लगभग 45 वर्षीय महिला पिछले करीब एक वर्ष से क्षेत्र में भटक रही थी और भीमपुरी मार्ग स्थित तालाब के पास रहकर जीवन यापन कर रही थी। तालुक विधिक सेवा समिति खैरागढ़ के जागरूकता अभियान के दौरान पैरालीगल वालंटियर गोलूदास साहू को सूचना मिली जिसके बाद महिला को एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया गया। विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.विवेक बिसेन एवं डॉ.पंकज वैष्णव की टीम ने उसका प्राथमिक उपचार किया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रुक्मणी बताया जबकि चिकित्सकीय जानकारी में उसका संभावित नाम बिमला बाई बताया गया। स्थिति को देखते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि शर्मा के निर्देश पर महिला को बेहतर उपचार के लिए छत्तीसगढ़ राज्य मनोरोग चिकित्सालय सेंद्री (बिलासपुर) रेफर कर भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार जारी है। इस मानवीय पहल में सरपंच प्रतिनिधि हरप्रसाद वर्मा, सरपंच बिमला हरप्रसाद वर्मा, उपसरपंच यादराम साहू, सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश वर्मा, पत्रकार दिनेश साहू, थाना प्रभारी अनिल शर्मा, प्रधान आरक्षक भागवत मेश्राम, मुस्तकीम खान, आरक्षक लक्ष्मी सिंह, नीलम पाल सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अमले का सराहनीय योगदान रहा।