
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में बड़ी उपलब्धि
क्षेत्र के मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। केसीजी जिले के बाजार अतरिया क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी की खबर सामने आई है। लंबे समय से सीमित संसाधनों के बीच ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले बाजार अतरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार व्यवस्था को लेकर किए गए निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाजार अतरिया को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि केवल स्वास्थ्य विभाग के लिए ही नहीं बल्कि पूरे बाजार अतरिया क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सम्मान और भरोसे का विषय बन गया है। जिले के अंतिम छोर में होने के बावजूद स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, सफाई व्यवस्था सुधारने, दवाइयों की उपलब्धता, रात्रि में डॉक्टरों की आपातकालीन सुविधा सुनिश्चित करने और मरीज केंद्रित सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे थे। इसी का परिणाम है कि अब बाजार अतरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने में सफल रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी और ग्रामीणों का स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में सेवा गुणवत्ता सुधार, मरीज सुरक्षा, स्वच्छता प्रबंधन और संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बाजार अतरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
मूल्यांकन के दौरान सेवा प्रदाय, मरीज अधिकार, मानव संसाधन एवं अवसंरचना प्रबंधन, मरीजों की देखभाल, क्लिनिकल सेवाओं की गुणवत्ता, संक्रमण नियंत्रण, जैव चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन, औषधि एवं लॉजिस्टिक प्रबंधन, रिकॉर्ड संधारण, दस्तावेजीकरण व्यवस्था, सहयोगी सेवाएं, प्रभावी रेफरल प्रणाली, गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली तथा सतत सुधार गतिविधियों का परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य केंद्र ने निर्धारित सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के गुणवत्ता मानकों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य केंद्र की पूरी टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई है।
सामूहिक प्रयास से मिली सफलता
बाजार अतरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को यह उपलब्धि सीएमएचओ डॉ.आशीष शर्मा, बीएमओ डॉ.विवेक बिसेन, बीपीएम आकाश तंबोली सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम, स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ, मितानिनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।