छुईखदान। ग्राम पंचायत भोथली अंतर्गत भोथली, भुजारी, डूटागढ़ और कौरवा के किसानों ने प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति के एवज में फसल बीमा राशि और उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन सौंपा है। किसानों ने ज्ञापन में बताया कि विगत दो वर्षों से वे लगातार मौसम की मार झेल रहे हैं। वर्ष 2025-26 में अतिवृष्टि और खेतों में जलभराव के कारण धान और सोयाबीन सहित खरीफ की लगभग 70 से 80 प्रतिशत फसल बर्बाद हो गई थी। इससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी वहीं वर्तमान वर्ष 2026-27 में अल्प वर्षा के कारण सूखे जैसे हालात बन गए हैं। बुआई के बाद फसल का अंकुरण और विकास प्रभावित हुआ है, कई क्षेत्रों में फसल सूखने लगी है। लगातार दो साल फसल खराब होने से किसानों के सामने आजीविका और कर्ज चुकाने का संकट खड़ा हो गया है। किसानों की प्रमुख मांग है कि प्रभावित क्षेत्र का तत्काल राजस्व सर्वे कराया जाए, लंबित फसल बीमा राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए, पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति और मुआवजा दिया जाए तथा समर्थन मूल्य पर कृषि उपज की खरीदी सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व सरपंच राजाराम, जिवराखन मरकाम, दुलारसिंह, विष्णु धुर्वे, रायसिंह, संतोष, धनीराम, कमलेश, नारद राम, महेश मरकाम, उगेश्वर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
