
न्यायधानी में घटी दिल दहला देने वाली वारदात
आरोपी प्रेमिका को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सत्यमेव न्यूज़ (बिलासपुर)। न्यायधानी में प्रेम संबंध से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां शादी को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवती ने अपने प्रेमी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
इंस्टाग्राम से हुई पहचान और फिर प्यार के बाद कत्ल
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कामता प्रसाद सूर्यवंशी के रूप में हुई है जो शहर के एक होटल में कार्यरत था। उसकी पहचान रोशनी सूर्यवंशी नामक युवती से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच पिछले लगभग छह माह से प्रेम संबंध चल रहा था और हाल के दिनों में शादी को लेकर बातचीत भी शुरू हुई थी। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच मतभेद बढ़ते चले गए। बताया जा रहा है कि सोमवार को हुए विवाद के बाद युवक ने युवती को व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया था। इससे आक्रोशित युवती मंगलवार सुबह सीधे युवक के कमरे पर पहुंची और उसे अनब्लॉक करने की मांग करने लगी। युवक के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर युवती ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी युवती को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारी सुम्मत साहू ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया है कि वह युवक को डराने के उद्देश्य से चाकू लेकर गई थी, लेकिन विवाद के दौरान मामला गंभीर हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी के इरादों, दोनों के संबंधों की प्रकृति और घटना से पूर्व के घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से शहर में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।