खैरागढ़ व गंडई में महाविद्यालय निर्माण सहित सात कार्यों की रखेंगे आधारशिला
खैरागढ़। जिले में 8 अक्टूबर को शिक्षा, आजीविका और नगरीय विकास से जुड़े करीब 10 करोड़ 84 लाख 31 हजार रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन होगा। सांसद संतोष पाण्डेय खैरागढ़ में शासकीय कन्या महाविद्यालय के नवीन भवन और लाइवलीहुड संस्थान के भवन निर्माण की आधारशिला रखेंगे। वहीं नगर पंचायत गंडई में सात विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। जानकारी अनुसार शासकीय कन्या महाविद्यालय के नवीन भवन के लिए 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपये तथा लाइवलीहुड संस्थान के भवन के लिए 4 करोड़ 11 लाख 25 हजार रुपये स्वीकृत हैं। दोनों भवनों के निर्माण से महाविद्यालय में छात्राओं को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने के साथ जिले में कौशल विकास और आजीविका गतिविधियों को संस्थागत आधार मिलेगा साथ ही गंडई नगर पंचायत में कुल 2 करोड़ 7 लाख 22 हजार रुपये की लागत से सात कार्य होंगे। इनमें वार्ड 5 में एमआरएफ सेंटर, वार्ड 1 में मुक्तिधाम उन्नयन, वार्ड 14 में पाइपलाइन विस्तार एवं पानी टंकी निर्माण, वार्ड 11 में सामुदायिक भवन तथा वार्ड 5 में सांस्कृतिक भवन का रिनोवेशन और वार्ड 15 में मरार समाज भवन में अहाता निर्माण शामिल है।
टीबी मुक्त पंचायतों का होगा सम्मान
इसी दिन सुबह 11 बजे सांस्कृतिक भवन खैरागढ़ में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का कार्यक्रम होगा। इसमें टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को गांधी प्रतिमा एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे साथ ही अंगदान एवं नेत्रदान के लिए योगदान देने वालों को प्रशस्ति-पत्र तथा प्रेसबायोपिक चश्मों का वितरण किया जाएगा। सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने बताया कि 8 अक्टूबर के कार्यक्रमों में शिक्षा, कौशल विकास, नगरीय सुविधाओं और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों को शामिल किया गया है। इन विकास कार्यों से जिले में शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ नगरीय सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
