KCG

खैरागढ़ में प्रधान आरक्षक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस की टीम

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला मुख्यालय खैरागढ़ में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई है। मृतक की पहचान छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव के रूप में हुई है। घटना शनिवार तड़के नगर के दाऊचौरा स्थित उनके निवास पर हुई। प्राप्त जानकारी अनुसार प्रधान आरक्षक शीतल यादव अपनी पत्नी और बेटी के साथ वार्ड क्रमांक 16 दाऊचौरा में निवास करते थे। शुक्रवार रात परिवार के अन्य सदस्य घर के एक कमरे में सो रहे थे जबकि शीतल यादव हॉल में सोए हुए थे। शनिवार सुबह लगभग चार बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को गमछे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन एवं आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर खैरागढ़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों एवं अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। बता दे कि कर्तव्यनिष्ठ एवं जिम्मेदार पुलिसकर्मी माने जाने वाले शीतल यादव के इस आकस्मिक कदम से पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page