प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष के स्वागत में निकली भव्य बाइक रैली

राहुल योगराज टिकरिहा के आगमन पर खैरागढ़ हुआ भगवामय
सत्यमेव न्यूज के लिए मनोहर सेन खैरागढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के प्रथम जिला आगमन पर युवा कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आयश सिंह बोनी के नेतृत्व में धरमपुरा से खैरागढ़ तक विशाल बाइक रैली निकाली गई जिसमें सैकड़ों युवा भगवा पताका लहराते हुए शामिल हुए। रैली के दौरान भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे।
पं.दीनदयाल की स्मृति नमन साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
रैली के बाद जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह की शुरुआत पार्टी के पितृ पुरुष पं.दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना से की गई। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला भाजयुमो अध्यक्ष ने किया दावा 2028 में खैरागढ़ सीट पर लहराएगा भाजपा का परचम*
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए आयश सिंह बोनी ने कहा कि युवा मोर्चा आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को विजय दिलाने के लिए एकजुट है। श्री बोनी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का आगमन युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
विक्रांत ने कहा राहुल युवा संघर्ष की मिसाल
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस शासन के दमनकारी दौर में 14 एफआईआर झेली और जेल भी गए लेकिन उनका जज़्बा नहीं टूटा, वे पार्टी के युवा संघर्ष के प्रतीक है।
राहुल बोले युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़ है
प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की ताकत युवा कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के नए अध्याय लिखे जा रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर और 24 किमी सेतु परियोजना को भारत की आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। कार्यक्रम का संचालन नवनीत जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन ललित चोपड़ा ने किया। कार्यक्रम में टीके चंदेल, खम्हन ताम्रकार, नीलिमा गोस्वामी, हर्षवर्धन वर्मा, प्रकाश सिंह, आलोक श्रीवास सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।