KCG

रक्षाबंधन पर जिला पुलिस की अनोखी पहल, भाई-बहनों ने लिया ‘साइबर सुरक्षा बंधन’ का संकल्प

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के संदेश को डिजिटल सुरक्षा से जोड़ते हुए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने जिले में अनोखी पहल की। छत्तीसगढ़ पुलिस के निर्देशानुसार संचालित ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत पुलिस ने शुक्रवार को विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख स्थानों पर ‘साइबर सुरक्षा बंधन’ एवं ‘राखी साइबर जागरूकता अभियान’ चलाया। इस दौरान आम नागरिकों, विशेषकर भाई-बहनों और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को समझाया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और एक-दूसरे की सुरक्षा के संकल्प का पर्व नहीं है, बल्कि बदलते डिजिटल दौर में ऑनलाइन ठगी से स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को फर्जी गिफ्ट लिंक, लॉटरी एवं इनाम के झांसे, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, OTP साझा करने, KYC अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी, बैंकिंग फ्रॉड तथा संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण साझा नहीं करना चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने भाई-बहनों से अपील की कि इस रक्षाबंधन पर वे एक-दूसरे की साइबर सुरक्षा का भी संकल्प लें। साथ ही परिवार के बुजुर्गों, बच्चों और परिचितों को भी ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों के प्रति जागरूक करें, ताकि साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बचा जा सके। KCG पुलिस ने जिलेवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या ठगी की आशंका होने पर तत्काल सतर्क होकर आवश्यक कदम उठाएं। पुलिस ने कहा है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर जागरूक बने।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page