
सामूहिक रूप से हुआ हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में जनजाति गौरव पखवाड़ा के उपलक्ष्य में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य गजेन्द्र देवांगन तथा विभागाध्यक्ष अभिषेक देवांगन, हितेश बरड़िया, लवलेश कुमार और जनक कुमार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीरांगना रानी दुर्गावती एवं शहीद वीर गुंडाधुर के तैल चित्रों पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा भीली वंदना गीत की प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ महतारी को नमन करते हुए राज्यगीत का सामूहिक गायन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जनजातीय कला और संस्कृति को गीत-संगीत एवं नृत्य के माध्यम से जीवंत किया। जशपुर वनांचल के उरांव समुदाय से संबंधित कुड़ुख गायन तथा बस्तर क्षेत्र के पारंपरिक गोंडी नृत्य की अनोखी प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों ने जनजातीय समाज की समृद्ध परंपरा, प्रकृति से जुड़ाव और सांस्कृतिक विविधता को प्रभावशाली रूप से साकार किया। कार्यक्रम में जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रनिर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद करते हुए एक विस्तृत पीपीटी प्रस्तुति और चलचित्र प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इसमें जनजातीय समुदाय के अलिखित इतिहास, आंदोलनों तथा जल, जंगल, व जमीन की रक्षा के लिए किये गए संघर्षों को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया गया। धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित यह समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ जिसने उनमें इतिहास के प्रति जिज्ञासा, अपनी धरोहर के प्रति गर्व और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की भावना को प्रबल किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा ‘फॉक्लोर क्यूआर कोड’ के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह का संचालन अध्यापिका अंशु प्रीति कुजूर ने किया और उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग के लिये स्टाफ, विद्यार्थियों और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संपूर्ण आयोजन संस्था के प्राचार्य एस.बी. वराठे के मार्गदर्शन में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी अंशु प्रीति कुजूर तथा डॉ.स्वाति टीकम द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।