
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का संयुक्त कलेक्टर सुमनराज ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं व दर्ज प्रकरणों की स्थिति और पीड़ित महिलाओं को प्रदान की जा रही सहायता सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर ने प्रकरणों के संधारण, आवश्यक दस्तावेजों की अद्यतन स्थिति तथा गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि संकटग्रस्त महिलाओं को विधिक सहायता परामर्श चिकित्सा सुविधा और अस्थायी आश्रय जैसी सेवाएं समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से उपलब्ध कराई जाएं ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके। सुमनराज ने यह भी निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पीड़िता को त्वरित सहायता और समुचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य केवल सहायता देना ही नहीं बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करना भी है। निरीक्षण के दौरान केंद्र के कर्मचारियों को सेवा प्रदायगी की गुणवत्ता बनाए रखने और प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।