
निर्मल त्रिवेणी अभियान के तहत हुआ वृहद पौधरोपण
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पर्यावरण संरक्षण और पूर्वजों के प्रति श्रद्धा को समर्पित निर्मल त्रिवेणी महाअभियान के तहत रविवार को ग्राम पेंड्री कला के मुक्तिधाम परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर साहू परिवार ने अपने दिवंगत पूर्वज हीरावल राम साहू और कुंती बाई साहू की स्मृति में बरगद, पीपल, नीम सहित विभिन्न छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण कर उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम में पूर्णेश साहू, भारतेंद्र साहू, एमन साहू और खोमन साहू ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की है। उपस्थित लोगों ने पौधों को केवल लगाने तक सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें विकसित वृक्ष बनाने का सामूहिक संकल्प भी दोहराया। इस दौरान मुक्तिधाम परिसर को अधिक हरित स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने परिसर के सौंदर्यीकरण पौधों के संरक्षण तथा आवश्यक सुविधाओं के विस्तार में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में वार्ड पंच धर्मेंद्र साहू, कैलाश साहू, शिक्षक शासित साहू, पोषण साहू, सहायक प्राध्यापक नंद कुमार साहू, पूर्व सरपंच धनवा साहू, हरेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया है। अभियान के संयोजक मंडल के सदस्य सूरज देवांगन, मंगल सारथी, गौतम सोनी, उमेंद्र पटेल, कौशल जैन, दीपक देवांगन, खेमराज यादव, धर्मेंद्र पटेल, हनीफ खान, नरोत्तम उर्वश, किरण ठाकुर, रमन और फरीद खान ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर भारतेंद्र साहू ने कहा कि एक पौधा एक संकल्प एक बेहतर कल केवल संदेश नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का दायित्व निभाने का भी आह्वान किया है। कार्यक्रम के समापन पर स्वयंसेवकों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। साहू परिवार ने घोषणा की कि पूर्वजों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।