पुराना रास्ता खोलने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे इंदिरा आवास के रहवासी, समाधान नहीं होने पर चक्काजाम और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

खैरागढ़। विकास कार्यों का उद्देश्य आम लोगों की सुविधाएं बढ़ाना है लेकिन यदि किसी निर्माण के चलते वर्षों पुराना आवागमन मार्ग ही बंद हो जाए तो वही विकास लोगों के लिए परेशानी का सबब बन जाता है। नगर के वार्ड क्र.20 इंदिरा आवास के रहवासी इन दिनों ऐसी ही समस्या से जूझ रहे हैं। कन्या महाविद्यालय का निर्माण शुरू होने के बाद रानी रश्मि देवी महाविद्यालय के सामने से गुजरने वाला पुराना रास्ता बंद हो गया है। इससे नाराज महिला, पुरुषों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर रास्ता दोबारा चालू कराने की मांग की। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर चक्काजाम करने के साथ चुनाव का बहिष्कार भी किया जाएगा।

वार्डवासियों का कहना है कि वे वर्षों से इस मार्ग का इस्तेमाल आवागमन के लिए करते आ रहे हैं। अब इस रास्ते को महाविद्यालय की जमीन का हिस्सा बताते हुए बंद कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से इंदिरा आवास के पीछे से ग्राम हिरावाही मार्ग की ओर जाने का विकल्प बताया जा रहा है। इससे रहवासियों को रोजाना करीब तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इसका असर नौकरी-पेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले नागरिकों पर पड़ेगा। खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह अतिरिक्त दूरी परेशानी बढ़ाने वाली है।

रहवासियों ने प्रस्तावित वैकल्पिक रास्ते की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि शाम के समय वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में इस मार्ग से आवागमन करना सुरक्षित नहीं माना जा रहा है। दूसरी ओर मोती नाला पुल का निर्माण वर्षों से अधूरा होने के कारण क्षेत्र में आवागमन की समस्या पहले से बनी हुई है। वार्डवासियों ने आशंका जताई कि किसी आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उनका कहना है कि पुराने रास्ते को बंद करने से पहले लोगों की सुविधा, सुरक्षा और निर्बाध आवागमन के लिए ठोस व्यवस्था की जानी चाहिए थी।

कलेक्ट्रेट में सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से वार्डवासियों ने पुराने रास्ते को फिर से चालू कराने अथवा सुरक्षित और सुविधाजनक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि रास्ते की समस्या का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में चुनाव बहिष्कार का भी निर्णय लिया जा सकता है। बहरहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल ने अपर कलेक्टर, एसडीएम और नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने और समस्या के समाधान के निर्देश दिए हैं। अब वार्डवासियों की नजर प्रशासन की सकारात्मक कार्रवाई पर टिकी है। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस पार्षद दिलीप लहरे, पालिका के उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान, स्थानीय निवासी विमल बोरकर, शशि रामटेक, मंगल रजक, रामकुमार पांडे, मन्नू वर्मा, दिनदयाल पटवा, रिंकू खान, सन्नी देवांगन, लता प्रजापति, रेणुका सोनी, अर्पण सोनी, भुवनेश्वरी रजक, निशा खान, आशा बाई, मेनका, नेहा मड़ावी, लीला यादव, प्रियंका सोनी, रफीकुन निशा, रतनी यादव, बिंदा पटेल, उर्मिला पांडे, चंपी, झामन बाई, अजमेरुन निशा, सुनीता रजक, सुनीता श्रीवास और गौरी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version