
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और राष्ट्र समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने कार्यकर्ताओं से अभियान को औपचारिकता न मानकर पूर्ण सहभागिता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा। प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी नलिनीश ठोकने ने कहा कि अभियान के दौरान कार्यकर्ता हर वर्ग और हर घर तक पहुंचकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को गति देंगे। अभियान संयोजक एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने बताया कि एक माह के दौरान पार्टी के निर्धारित नौ प्रमुख बिंदुओं पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ.बिशेसर साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
