KCG

जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में कलेक्टर चंद्रवाल ने किया दौरा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेने कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने शनिवार को क्षेत्रीय भ्रमण कर पीएम जनमन योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष रूप से पीवीटीजी बैगा आदिवासी समुदाय तक शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम दल्ली में निर्मित बहुउद्देशीय केंद्र का अवलोकन किया और उन्होंने स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैगा आदिवासी समुदाय के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाए साथ ही ग्राम दल्ली में विद्युतीकरण की स्थिति की भी समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम डुमरिया से बैगा बसाहट खर्रा तक पीएम जनमन योजना के तहत निर्मित संपर्क सड़क का निरीक्षण किया।

उन्होंने सड़क की गुणवत्ता और उपयोगिता का जायजा लेते हुए ग्रामीणों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए कार्यों की सतत निगरानी करने को कहा। निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने बैगा बसाहट खर्रा में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) की टीम से मुलाकात कर स्वास्थ्य जांच, उपलब्ध दवाइयों तथा चिकित्सा उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के ग्रामीणों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए और आवश्यकतानुसार चिकित्सा सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। दौरे के दौरान कलेक्टर ने ग्राम खर्रा, डुमरिया एवं दल्ली की बैगा महिला हितग्राहियों तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page