
गुणवत्तापूर्ण भोजन और एलपीजी उपयोग पर दिया गया जोर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में संचालित प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की स्थिति और कार्यप्रणाली की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की जहां योजना के संचालन, भोजन की गुणवत्ता तथा शालाओं में उपलब्ध सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले की 649 प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में मध्याह्न भोजन योजना नियमित रूप से संचालित हो रही है। शालाओं में स्वच्छ रसोई घर, खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण और विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अधिकांश स्कूलों में महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से भोजन तैयार कराया जा रहा है जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत कुकिंग कॉस्ट और रसोइयों का मानदेय पीएफएमएस के माध्यम से समय पर भुगतान किया जा रहा है। साथ ही स्कूल परिसरों में किचन गार्डन विकसित करने विद्यार्थियों को फोलिक एसिड टैबलेट उपलब्ध कराने और मोबाइल ऐप के जरिए उपस्थिति दर्ज करने का कार्य किया जा रहा है। भारत सरकार के एमआईएस पोर्टल में भी नियमित रूप से जानकारी दर्ज की जा रही है। बैठक में कलेक्टर ने सभी शालाओं में भोजन निर्माण के लिए एलपीजी गैस के उपयोग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एलपीजी के प्रयोग से भोजन बनाने की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और स्वच्छ बनेगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने पारंपरिक ईंधन के स्थान पर एलपीजी के अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।